Home INDIA हरियाणा निगम प्रत्याशियों की किस्मत ईवीएम में लॉक…परिणाम 19 को

हरियाणा निगम प्रत्याशियों की किस्मत ईवीएम में लॉक…परिणाम 19 को

0

यमुनानगर के जगाधरी में कांग्रेस व भाजपा प्रत्याशियों में मारपीट

चंडीगढ़, दिसंबर 17: हरियाणा के पांच नगर निगमों के लिए रविवार को हिंसा की छिटपुट घटनाओं को छोड़कर मतदान शांतिपूर्वक संपन्न हो गया। प्रदेश के रोहतक में सबसे अधिक और हिसार में सबसे कम मतदान होने की खबर है। लगभग सभी शहरों में ईवीएम खराब होने के कारण मतदान प्रक्रिया कई बार बाधित हुई।राज्य के करनाल, रोहतक, पानीपत, यमुनानगर और हिसार नगर निगम तथा फतेहाबाद जिले की जाखल मंडी और कैथल जिले की पुंडरी नगर पालिकाओं के लिए रविवार को वोट डाले गए। पांचों नगर निगमों और दो नगर पालिकाओं में 14 लाख 1157 मतदाताओं में से करीब 62 फीसद ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया। प्रदेश में कुल 1292 मतदान केंद्र बनाए गए थे।
पांचों निगमों में औसत 60 से 62 फीसदी मतदान हुआ, जबकि नगरपालिका जाखड़ मंडी में सबसे अधिक 89.5 फीसदी और पूंडरी में 82 फीसदी वोट पड़े। चुनाव नतीजे बुधवार को आएंगे। राज्य के पांच नगर निगमों में मेयर पद के 59 उम्मीदवारों ने चुनाव लड़ा, जबकि सातों शहरी निकायों में 682 उम्मीदवारों ने पार्षद पद का चुनाव लड़ा। मेयर के चुनाव के लिए सीधे मतदान हुआ है। हिसार नगर निगम के 204 बूथ पर 61.2 फीसदी, जाखड मंडी नगरपालिका के 12 बूथों पर 89.5 फीसदी और करनाल नगर निगम के 224 बूथों पर 61.4 फीसदी वोट पड़े।

पानीपत, रोहतक, हिसार, करनाल व यमुनानगर में ईवीएम खराब

पानीपत नगर निगम के 278 बूथों पर 60..9 फीसदी, पूंडरी नगर पालिका के 13 बूथों पर 82 फीसदी, रोहतक नगर निगम के 257 बूथों पर 60 फीसदी और यमुनानगर नगर निगम के 303 बूथों पर 64.2 फीसदी वोट पड़े। मेयर व पार्षद दोनों के लिए ईवीएम (इलेक्ट्रानिक वोटिंग मशीन) के जरिये मतदान हुआ। चुने गए पार्षद सीनियर डिप्टी मेयर और डिप्टी मेयर का फैसला करेंगे।पानीपत के वार्ड नंबर दो स्थित हिमगिरी स्कूल में सुबह करीब साढे आठ बजे मशीन खराब होने के कारण मतदान प्रक्रिया बाधित हो गई। करीब आधे घंटे बाद यहां नई मशीन स्थापित करके वोटिंग शुरू करवाई गई। पानीपत के वार्ड नंबर-22 में भी दो जगह ईवीएम खराब होने से मतदान बाधित रहा।
उधर हिसार नगर निगम क्षेत्र में भी पांच जगह मशीनें खराब होने के कारण मतदान प्रक्रिया बाधित रही। हिसार के अर्बन एस्टेट क्षेत्र में फर्जी वोटिंग को लेकर भाजपा व कांग्रेस समर्थकों के बीच मामूली झड़प हुई। पुलिस बल ने मौके पर पहुंचकर स्थिति को नियंत्रित किया। घटनास्थल पर पहुंची पूर्व मंत्री एवं वरिष्ठ कांग्रेसी नेत्री सावित्री जिंदल ने मतदाता सूचियों में भारी गड़बड़ी का आरोप लगाया।
हरियाणा में सबसे हॉट सीट बनी करनाल में दिनभर राजनीतिक गहमा-गहम रही। राज्य के खाद्य आपूर्ति मंत्री करण देव कांबोज और विधायक सुभाष सुधा सुबह से ही शहर के विभिन्न वार्डों में डेरा जमाए रहे। यहां मेयर पद के लिए भाजपा प्रत्याशी द्वारा जारी किया गया जातिवाद पर आधारित एक पोस्टर दिनभर चर्चा का विषय बना रहा। विपक्षी राजनीतिक दलों ने इसे जातिवाद के नाम पर बांटने का आरोप लगाते हुए दिनभर सरकार को घेरने का काम किया। करनाल के वार्ड नंबर-4 के बूथ नंबर पांच में वोटिंग मशीन खराब होने से करीब आधा घंटा मतदान बाधित हुआ।
उधर रोहतक नगर निगम क्षेत्र में भी करीब आधा दर्जन स्थानों पर वोटिंग मशीन खराब होने के कारण मतदान प्रक्रिया बाधित रही। रोहतक में मेयर पद के लिए निर्दलीय प्रत्याशी हेमंत बख्शी ने खराब वोटिंग मशीन का एक वीडियो भी वायरल किया। उधर हुड्डा समर्थक मेयर पद के प्रत्याशी सीताराम सचदेवा ने भाजपा पर फर्जी वोटिंग का आरोप लगाया लेकिन चुनावी अमले ने उनसे लिखित शिकायत मांगी तो विवाद शांत हो गया।
यमुनानगर नगर निगम के लिए हुए चुनाव में भी वोटिंग मशीनों ने प्रशासन की किरकिरी करवाई। यहां के वार्ड-5 में वोटिंग मशीन खराब होने से मतदान प्रक्रिया बाधित रही। वहीं वार्ड-16 में विपक्षी दलों के प्रत्याशियों ने चुनावी अमले पर भाजपा प्रत्याशी को समर्थन करने का आरोप लगाया। जिसके चलते यहां काफी देर तक हंगामा रहा। वार्ड-20 में जाली वोट को लेकर भी काफी देर तक हंगामा हुआ।
यमुनानगर के जगाधरी क्षेत्र के अंतर्गत आते वार्ड नंबर एक में कांग्रेस समर्थित प्रत्याशी संजय राणा शाम करीब पांच बजे जब मतदान केंद्र के भीतर जाने लगे तो भाजपा प्रत्याशी शशिकांता के पति प्रदीप मित्तल ने इस पर आपत्ति जताई। जिसे लेकर दोनों प्रतिनिधियों में हंगामा इतना बढ़ा की नौबत मारपीट तक पहुंच गई। भारी पुलिस बल ने मौके पर पहुंचकर स्थिति को नियंत्रित किया। दोनों पक्षों ने एक-दूसरे के विरूद्ध पुलिस में शिकायत की है।

Discussions

Discussions

Exit mobile version